कांग्रेस छोड़ो यात्रा में टुकड़े-टुकड़े गैंग को जोड़ रहे हैं राहुल गांधी : गिरिराज सिंह

कांग्रेस छोड़ो यात्रा में टुकड़े-टुकड़े गैंग को जोड़ रहे हैं राहुल गांधी : गिरिराज सिंह

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

बेगूसराय। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को एक बार फिर राहुल गांधी के साथ-साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जोरदार हमला किया है।

अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय के चार दिवसीय भ्रमण पर आए गिरिराज सिंह ने रविवार को कहा है की कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। लेकिन जहां-जहां राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं, अभी तक वे जिन-जिन राज्यों में गए हैं, वहां से कई कांग्रेसी पार्टी को छोड़ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि यह भारत जोड़ो अभियान है या टुकड़े-टुकड़े गैंग को जोड़ने का अभियान। राहुल गांधी का यह भारत जोड़ो अभियान नहीं, बल्कि टुकड़े-टुकड़े गैंग को जोड़ो, भारत विरोधी आवाज उठाओ और दुनिया में भारत को बदनाम करने का कार्यक्रम है। राहुल गांधी को पता नहीं है की वह क्या बोलते हैं, क्या करते हैं।

टुकड़े-टुकड़े गैंग को एक साथ करने के साथ-साथ सर तन से जुड़ा करने की बात करने वालों को प्रोत्साहित करते हैं। हिंदुओं के खिलाफ साजिश रचने वाले पादरी से मिल रहे हैं। भारत पहला देश है, जहां विपक्ष प्रधानमंत्री को गाली देते-देते पूरी दुनिया में अपने देश को बदनाम कर रहा है।

पत्रकारों से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में जब से नए गठबंधन की सरकार बनी है, तब से बेगूसराय सहित पूरे बिहार में क्राइम का ग्राफ बढ़ गया है। अपराध बढ़ता जा रहा है, शराब और अपराध का चोली दमन का साथ बनते जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से ना शराब बंद हो रहा है, ना अपराध बंद हो रहा है।

मुख्यमंत्री को इस पर विचार करनी चाहिए। बेगूसराय में तो अपराध में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। बेगूसराय सहित पूरे बिहार में अपराध का जो ग्राफ बढ़ रहा है, इससे लग रहा है 2005 से पहले के लालू जी के नेतृत्व वाले सरकार जैसी हालत हो गई है।

जहां अपराधियों में भय नहीं था, अपराध बेलगाम हो रहा था, लोग भय से ग्रसित रहते थे, वही माहौल बन गया है। इस पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री को कड़ी पहल करनी चाहिए।

बेगूसराय में तो जो हालत बन रहा है, उसके मद्देनजर सर्वदलीय मुहिम चलाया जाना चाहिए। क्योंकि यहां अपराधियों के डर से लोग घर से निकलने में खतरा महसूस कर रहे हैं। तमाम लोगों के मन में भय बना हुआ है कि पता नहीं घर से निकलेंगे तो लौट कर आएंगे या नहीं।

गिरिराज सिंह ने रविवार को रिफाइनरी गेस्ट हाउस जनप्रतिनिधि, आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं की समस्या सुनकर उसके निदान के लिए अधिकारियों की बात की।

उसके बाद अपराधियों की गोली से मारे गए डॉ. क्रांति कुमार के परिजनों से मिलने उसके आवास पर सिहमा पहुंचे तथा अपराधियों को दंडित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से बात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को न्याय की लड़ाई में साथ देने का आश्वासन दिया।

सिहमा के बाद गिरिराज सिंह मटिहानी प्रखंड के सोनापुर डीह पहुंचे तथा मारे गए भूतपूर्व सैनिक भाजपा नेता विजय कुमार सिंह के परिजनों से मुलाकात करने के साथ-साथ किसानों की समस्या सुनकर धान खरीद के लिए सभी पंचायत में व्यवस्था करने के लिए डीएम से बात कर किसानों को आश्वासन दिया।
 

Share this story