कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरे दिन राहुल बोले- बीजेपी सरकार की सोच अंग्रेजों जैसी

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरे दिन राहुल बोले- बीजेपी सरकार की सोच अंग्रेजों जैसी

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन है। बुधवार को पार्टी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। इस मौके पर राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सरकार की सोच अंग्रेजी जैसी है।

अखंड भारत के लिए काम करें राहुल: असम सीएम
राहुल ने कहा कि एक व्यक्ति के हाथों में करोड़ों लोगों का भविष्य है और वे इसे संवारने की बजाय विपक्ष को ED और CBI का डर दिखा रहे हैं। हम फिर गुलामी के दौर में जा रहे हैं। पहले एक ईस्ट इंडिया कंपनी देश पर राज करती थी, अब 3-4 कंपनियां ये काम कर रही हैं। अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह यात्रा सदी की सबसे बड़ी कॉमेडी है।

कांग्रेस को पाकिस्तान में यात्रा करनी चाहिए, जिससे लोगों को एक ऐसा भारत मिले जो विभाजन से पहले अविभाजित था। राहुल गांधी को यह सब छोड़कर अखंड भारत के लिए काम करना चाहिए।

राहुल बोले- हमें टीवी पर कोई नहीं दिखाता
राहुल गांधी ने यात्रा की शुरूआत करते हुए कहा कि न्यूज चैनलों पर दिनभर प्रधानमंत्री मोदी को दिखाया जाता है। हम लोगों को कोई नहीं दिखाता, इसलिए हम यात्रा निकाल रहे हैं। राहुल के अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल और योगेंद्र यादव ने भी सभा को संबोधित किया।

लाखों लोग आज भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत महसूस कर रहे, पढ़ें राहुल की स्पीच की 5 बड़ी बातें
राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, लाखों लोग आज भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत महसूस कर रहे हैं। लाखों लोगों को लगता है कि भारत को एक साथ लाने के लिए कुछ करने की जरूरत है।

. भारत में सबसे बड़ा आर्थिक संकट: भारत अपने अब तक के सबसे खराब आर्थिक संकट के साथ-साथ अब तक की सबसे अधिक बेरोजगारी दर का सामना कर रहा है। देश आपदा की ओर बढ़ रहा है। बीजेपी सरकार किसानों, मजदूरों और छोटे-मध्यम वर्ग के कारोबारियों को सिस्टेमेटिकली बर्बाद कर रही है।

2. लोगों की आवाज कुचली जा रही: लोगों को एक साथ लाना महत्वपूर्ण है। सुनिश्चित करें कि वे एकजुट हैं। यही है भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य। भारत जोड़ाे यात्रा का उद्देश्य भारत के लोगों को सुनना है, हम नहीं चाहते कि भारत के लोगों की आवाज को कुचला जाए।

3. हर इंस्टीट्यूट पर RSS-BJP के हमले: आज हर एक इंस्टीट्यूट पर RSS-BJP के हमले हो रहे हैं। उन्हें लगता है कि वे भारत को धर्म और भाषा के आधार पर बांट सकते हैं। इस देश को विभाजित नहीं किया जा सकता है, यह हमेशा एकजुट रहेगा।

4. कुछ बिजनेस देश को नियंत्रित कर रहे: मुट्ठी भर बड़े बिजनेस आज देश को नियंत्रित कर रहे हैं, पीएम उनके समर्थन के बिना एक दिन भी सर्वाइव नहीं कर सकते हैं। प्रधानमंत्री बड़े कारोबारियों की मदद के लिए नीतियां लाते हैं, जो उनकी मदद करती हैं। डिमॉनेटाइजेशन, जीएसटी, कृषि कानून सभी उनकी मदद के लिए बनाए गए थे।

5. तिरंगे का आज अपमान हो रहा: राष्ट्रीय ध्वज को सलाम करना पर्याप्त नहीं है, इसके पीछे के विचारों का बचाव करना भी महत्वपूर्ण है। ​​तिरंगा सिर्फ कपड़े के एक टुकड़े पर तीन रंग और चक्र नहीं है। यह उससे कहीं ज्यादा है। तिरंगा आसानी से नहीं मिला है। इसे हिंदुस्तानियों ने कमाया है और यह हर धर्म और भाषा का है। आज इस झंडे का अपमान हो रहा है।

सोनिया का संदेश- यात्रा से संगठन का कायाकल्प होगा
कांग्रेस की अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संदेश में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। यह परिवर्तनकारी पल है। विश्वास है कि हमारे संगठन का कायाकल्प होगा। मैं प्रतिदिन विचार और आत्मा से यात्रा में भाग लूंगी। मेडिकल जांच के कारण फिलहाल मैं मौजूद नहीं हूं।

यह भी पढ़ें :  5 की जगह अब 35 साल के लिए लीज पर मिलेगी रेलवे की जमीन

 

Share this story