दिग्विजय सिंह के बयान से खड़गे और राहुल गांधी ने किया किनारा

 दिग्विजय सिंह के बयान से खड़गे और राहुल गांधी ने किया किनारा

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी नेता दिग्विजय सिंह के उस बयान से किनारा कर लिया है, जिसमें उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया था। खड़गे ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस हमेशा सेना के साथ थी और है। हम हमेशा देश सेवा के लिए काम करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। देश के लिए हम सभी एक हैं।

पार्टी के दिग्गज नेता सिंह के बयान से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी किनारा कर लिया है। उन्होंने ट्वीट पर एक वीडियो जारी कर कहा कि जो भी दिग्विजय सिंह ने कहा है, उससे वे बिल्कुल सहमत नहीं हैं। आर्मी पर हमारा पूरा विश्वास है। अगर आर्मी कुछ करे तो सबूत देने की कोई जरूरत नहीं है। सिंह ने जो कहा है, वह उनका व्यक्तिगत मत है। यह कांग्रेस का मत नहीं है।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा था कि सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में वे लोग बहुत बात करते हैं कि हमने इतने लोगों को मार गिराया, लेकिन इसका कोई प्रमाण नहीं है।

इस बयान पर बढ़ते विवाद के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को ट्वीट कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार कांग्रेस पार्टी के नहीं हैं, उनके व्यक्तिगत विचार हैं। वर्ष 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है और आगे भी समर्थन करेगी।

Share this story