24 घंटे में कोरोना के 6,155 केस, 11 मौतें:लगातार दूसरे दिन 6 हजार से ज्यादा मामले; XBB.1.16 वैरिएंट के दुनिया में फैलने की आशंका

covid 19 india

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

नई दिल्ली। देश में शुक्रवार को कोरोना के 6,155 नए मामले सामने आए। 11 लोगों की मौत हुई, जबकि 3,253 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। तीन दिन बाद नए केसेस में स्थिरता देखने को मिली है। गुरुवार को 6050 नए केस सामने आए थे, इसके मुकाबले शुक्रवार को ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल देश में 31 हजार 194 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 5.63% पहुंच गया है।

जीनोम सीक्वेंसिंग पर नजर रखने वाली कमेटी INSACOG ने खुलासा किया है कि देश में रोजाना सामने आ रहे कोरोना केसों में 38.2% केस XBB.1.16 ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह से हैं। ये वैरिएंट XBB.1 वैरिएंट की तुलना में 1.27 गुना और XBB.1.5 वैरिएंट की तुलना में 1.17 गुना ज्यादा तेजी से इंसानों में फैलता है। इस वैरिएंट में कई तरह की एंटी-सार्स एंटीबॉडीज के प्रति प्रतिरोधक क्षमता है।

आशंका जताई जा रही है कि जल्द ही XBB.1.16 ओमिक्रॉन वैरिएंट पूरी दुनिया में फैल जाएगा। 22 मार्च को ये वैरिएंट कई देशों में सामने आया था। तब से ही WHO इसकी निगरानी कर रहा है।

केस बढ़ रहे, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं- विशेषज्ञ
कोरोना विशेषज्ञ का कहना है कि कोरोना केस बढ़ रहे हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। देश में ज्यादातर लोगों में हाइब्रिड इम्युनिटी आ चुकी है। यानी वैक्सीनेशन और प्राकृतिक संक्रमण से मिली इम्युनिटी। यही हाइब्रिड इम्यूनिटी लोगों को गंभीर बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने से बचा रही है। देश की आबादी को वैक्सीन लग चुकी है। बाकी आबादी को इन वैक्सीन लगे लोगों से सुरक्षा मिल रही है। यही वैक्सीन ओमिक्रॉन के छह सब वैरिएंट का मुकाबला कर रही है। इनमें XBB.1.16 भी शामिल है।

टॉप-5 राज्यों में दो-तिहाई नए केस, केरल सबसे आगे
देश में शुक्रवार को 6,155 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 4,294 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन आंकड़ों को शुक्रवार को जारी किया।

केरल: यहां 1,900 नए केस मिले, जबकि दो लोगों की मौत हुई। 711 लोग ठीक भी हुए। इससे पहले 22 सितंबर को 2300 मामले सामने आए थे।

महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 926 नए केस मिले, 423 लोग ठीक हुए जबकि 3 लोगों की मौत हुई। गुरुवार को यहां 803 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.79% है।

दिल्ली: यहां बीते दिन 733 नए मामले सामने आए और 2 लोगों की मौत हुई, जबकि 460 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। एक्टिव केस 2,331 हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 19.93% है।

हरियाणा: यहां शुक्रवार को 407 नए केस सामने आए और 192 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 1,933 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.28% हो गया है।  

गुजरात: यहां 328 नए केस मिले और 315 लोग ठीक हुए। गुरुवार को यहां 327 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.97% है।

बिहार: कोरोना से महिला की मौत; एक्टिव मरीजों की संख्या हुई 76
बिहार में कोरोना से एक महिला की मौत हुई है। गया के मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती जहानाबाद की एक महिला ने शुक्रवार देर शाम दम तोड़ दिया। उसे दो दिन पहले ही भर्ती कराया गया था। उसे हार्ट की भी प्रॉब्लम थी। बिहार के 8 जिलों से 24 घंटे में 20 कोरोना मरीज मिले हैं। बिहार में कोरोना के एक्टिव केस 76 हो गए हैं। 

UP: कोरोना की नई गाइडलाइन जारी, विदेश यात्रा से लौट रहे लोगों की जांच अनिवार्य
यूपी में लगातार बढ़ रहे कोरोना केस के चलते सरकार ने शुक्रवार को नई गाइड लाइन जारी की है। आदेश में कहा गया है कि सभी पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जाए। सरकारी व निजी अस्पतालों की OPD में आ रहे ऐसे लोग जिन्हें सर्दी जुखाम, बुखार व सांस लेने में दिक्कत है। उनकी 24 घंटे में कोरोना जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने टेस्टिंग बढ़ाने को कहा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के साथ रिव्यू मीटिंग की। मांडविया ने राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से 10 और 11 अप्रैल को सभी अस्पतालों का दौरा कर मॉक ड्रिल का रिव्यू करने काे कहा है।

मांडविया ने कहा- हमने कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की है। राज्यों को इमरजेंसी हॉटस्पॉट की पहचान करने, टेस्टिंग, जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने और अस्पतालों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा कोरोना से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

मांडविया ने कहा-हमें सतर्क रहने की जरूरत है, घबराने की नहीं। वर्तमान में ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट देश में फैल रहा है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती है। इससे पहले बुधवार को कोविड इम्पावरमेंट वर्किंग ग्रुप ने भी समीक्षा बैठक की थी।

 

Share this story