लखनऊ में रिटायर्ड IAS की दूसरी पत्नी की हत्या:बाथरूम के चेंजिंग रूम में मिला शव

लखनऊ में रिटायर्ड IAS की दूसरी पत्नी की हत्या:बाथरूम के चेंजिंग रूम में मिला शव

 Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

लखनऊ । रिटायर्ड IAS देवेंद्र नाथ दुबे की पत्नी मोहिनी दुबे (58) की शनिवार सुबह हत्या कर दी गई। घर में लूटपाट भी की गई। शव बाथरूम के बगल में बने चेंजिंग रूम में मिला। पोस्टमॉर्टम के बाद शाम को शव का अंतिम संस्कार भैंसाकुंड घाट पर किया गया। परिवार और कई करीबी मौजूद रहे।

वारदात के वक्त देवेंद्र नाथ दुबे घर में नहीं थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह रोज सुबह गोल्फ खेलने जाते थे। आज कहीं और गए थे। लौटे तो घर का दरवाजा खुला था।

अंदर अलमारी का सामान बिखरा था। उन्होंने पत्नी को आवाज दी, मगर रिस्पॉन्स नहीं मिला। बाथरूम के पास पहुंचे तो चेंजिंग रूम में पत्नी का शव पड़ा था। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची। ACP गाजीपुर विकास जायसवाल ने कहा, पुलिस हत्या की जांच कर रही है। मामला गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर सेक्टर-20 का है।

मोहिनी, देवेंद्र दुबे (71) की दूसरी पत्नी थीं। वह 2009 में रिटायर हुए थे, 2007 में दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उनको दो बेटे प्रांजल और प्रतीक हैं। प्रांजल लखनऊ में कहीं और रहते हैं, प्रतीक गाजियाबाद में नौकरी करते हैं।

डॉग स्क्वायड ने घर के अंदर जांच की। फिर थोड़ी दूर घर के बाहर तक गया।

(डॉग स्क्वायड ने घर के अंदर जांच की। फिर थोड़ी दूर घर के बाहर तक गया।)

किचन में गैस खुली थी, सुबह 7.15 से 8 बजे के बीच वारदात
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घर के अंदर जांच की। शुरुआती जांच के मुताबिक, किचन की गैस खुली थी। वारदात सुबह 7.15 से 8 बजे यानी 45 मिनट में की गई। एक पुलिसकर्मी ने दैनिक भास्कर को बताया, देवेंद्र नाथ दुबे फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं। शव भी फर्स्ट फ्लोर पर बाथरूम के बगल में बने चेंजिंग रूम में मिला। वारदात के वक्त घर पर कौन-कौन था, यह साफ नहीं हो पाया। पुलिस को शक है, परिवार के किसी नजदीकी ने ही हत्या की है।

CCTV का DVR उखाड़ ले गए
उनके घर के बाहर 2 CCTV लगे थे। JCP क्राइम आकाश कुलहरि ने बताया कि उन CCTV का DVR (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) नहीं मिला। बदमाश हत्या करने के के बाद DVR भी ले गए। इसमें CCTV की रिकॉर्डिंग स्टोर होती है। पुलिस आसपास के CCTV भी चेक कर रही है। कुछ रिश्तेदार घर पहुंच गए हैं। उनसे भी जानकारी जुटाई जा रही है। कमिश्नर SB शिरोडकर भी मौके पर पहुंचे।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। डॉग स्कवॉयड को भी बुलाया गया है।

(घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। डॉग स्कवॉयड को भी बुलाया गया है।)

CCTV में दो संदिग्ध दिखे, 3 दिन पहले किराएदार ने खाली किया था घर
पुलिस ने आसपास के CCTV चेक किए। इसमें दो संदिग्ध नजर आए हैं। शक है, इन्होंने ही हत्या की है। पुलिस उनका पता कर रही है। देवेंद्र दुबे के घर पर एक किराएदार भी रहता था। 3 दिन पहले ही उसने घर खाली किया था। पुलिस उससे भी बात कर रही है।

लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच भी जांच के लिए पहुंची। रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने पड़ोसी के घर जाकर पूछताछ की, साथ ही CCTV भी चेक किए।

डॉग स्क्वायड घर से बाहर कुछ दूर तक गया। पुलिस ने और भी कई सबूत जुटाए हैं।

(डॉग स्क्वायड घर से बाहर कुछ दूर तक गया। पुलिस ने और भी कई सबूत जुटाए हैं।)

2 ड्राइवर और 4 नौकर हिरासत में, पूछताछ चल रही
देवेंद्र नाथ दुबे के घर पर कई ड्राइवर और नौकर काम करते हैं। पुलिस ने 2 ड्राइवर और 4 नौकरों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर रही है। एक ड्राइवर रवि और उसका भाई अखिलेश उनके घर में ही रहता है। रवि ही सुबह देवेंद्र नाथ दुबे को लेकर कहीं गया था। JCP आकाश कुलहरि ने कहा- देवेंद्र नाथ ने बताया, वह सुबह गोल्फ खेलने गए थे। लौटे तब हत्या का पता चला। पुलिस अखिलेश के परिवार से भी पूछताछ कर रही है। सुबह करीब 8 बजे मेड आती थी, लेकिन शनिवार को वह छुट्टी पर थी।

पॉश इलाका है इंदिरा नगर का सेक्टर-20
इंदिरा नगर का सेक्टर-20 शहर के पॉश इलाकों में गिना जाता है। यहां पर ज्यादातर IAS, IFS और सीनियर अफसरों के घर बने हैं। इनमें से कुछ रिटायर हो चुके हैं, तो कुछ अभी भी पद पर हैं। हर घर में नौकर-ड्राइवर हैं। घरों में सर्वेंट क्वार्टर तक बने हैं, जिनमें नौकर रहते हैं। ज्यादातर घरों में CCTV लगे हैं। कई घरों में तो मॉडर्न लॉक तक लगे हैं। कॉलोनी पूरी तरह से सुरक्षित है। ऐसे में किसी का आसानी से घर में घुसकर हत्या कर देना आसान काम नहीं है।

पत्नी मोहिनी के साथ देवेंद्र नाथ दुबे (फाइल फोटो)

(पत्नी मोहिनी के साथ देवेंद्र नाथ दुबे (फाइल फोटो))

इन 4 एंगल पर पुलिस की जांच-

  • पुलिस को पता चला है, देवेंद्र नाथ दुबे आज गोल्फ खेलने नहीं गए थे। वह रोज गोल्फ खेलने जाते थे। शुरुआत में पुलिस ने भी उनके गोल्फ क्लब जाने की बात कही थी।
  • रिटायर्ड IAS और उनकी पत्नी के अलावा घर में कुछ नौकर रहते थे। नौकर और उनसे जुड़े लोग शक के घेरे में हैं।
  • IAS के परिवार से जुड़े नजदीकी, जिसे पूरे परिवार के रूटीन की जानकारी थी।
  • देवेंद्र नाथ दुबे घर में लूट की बात कह रहे हैं। पुलिस इसकी जांच भी कर रही है। मगर, इतने कम समय में लूट की बात समझ से परे लग रही।

Share this story