शक के चलते महिला ने सगी बहन पर तेजाब उड़ेला

fsd

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

पश्चिम मिदनापुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में एक महिला ने शक की वजह से अपनी सगी बहन पर तेजाब फेंक दिया। उसे गंभीर हालत में घाटाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सनसनीखेज घटना शनिवार देर रात पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बीरसिंह ग्राम पंचायत के मोमराजपुर इलाके की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घाटाल के मोमराजपुर के निवासी दो भाई असादुल अली और तस्लीम अली की शादी दासपुर इलाके की निवासी दो सगी बहनों रहीमा और अक्लिमा बीबी के साथ हुई थी। सूत्रों के मुताबिक पिछले कई दिनों से दोनों बहनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपित अक्लिमा बीबी को शक था कि उसकी शारीरिक बीमारी के चलते ससुराल वाले उसके पति तस्लीम अली की शादी कहीं और तय कर रहे हैं और इसमें उसकी बहन रहीमा की अहम भूमिका है।

इसे लेकर शनिवार सुबह से ही दोनों बहनों के बीच कहासुनी हो रही थी। दोनों का झगड़ा देर रात तक चलता रहा। इस बीच अक्लिमा अचानक घर से तेजाब ले आई और रहीमा बीबी के चेहरे पर उड़ेल दिया। रहीमा के चेहरे पर तेजाब गिरने से वह दर्द से चीख उठी।

उसकी चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य दौड़े । उसे गंभीर हालत में घाटाल अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने के बाद घाटाल थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अक्लिमा के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Share this story