इंदौर में मंदिर की बावड़ी धंसी: 14 की मौत, 30 से ज्यादा लोग 40 फीट नीचे गिरे, 17 को बचाया

इंदौर में मंदिर की बावड़ी धंसी; 14 मौत:रामनवमी पर मंदिर आए 30 से ज्यादा लोग 40 फीट नीचे गिरे, 17 को बचाया
बावड़ी में 4 से 5 फीट पानी भरा था। नगर निगम ने तीन पंप की मदद से पानी निकाला। जिसके बाद दोबारा रेस्क्यू शुरू किया। ऑक्सीजन के साथ गोताखोरों को कुएं में उतारा गया। मौके पर NDRF की टीम भी पहुंची है। महू से आर्मी की टीम भी आ रही है।

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

इंदौर । बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। यहां हवन के दौरान अंडरग्राउंड बावड़ी की छत धंसने से 14 लोगों की मौत हो गई। बावड़ी में 30 से ज्यादा लोग गिरे थे। यह 40 फीट गहरी है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे कुएं से लोगों को निकाला। कुएं से 11 शव निकाले गए, जबकि 3 लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

बावड़ी में 4 से 5 फीट पानी भरा था। नगर निगम ने तीन पंप की मदद से पानी निकाला। जिसके बाद दोबारा रेस्क्यू शुरू किया। ऑक्सीजन के साथ गोताखोरों को कुएं में उतारा गया। मौके पर NDRF की टीम भी पहुंची है। महू से आर्मी की टीम भी आ रही है।

हादसा सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। वजन से उसकी छत टूट गई और लोग नीचे गिर गए। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराने की बात कही है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजन को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। सरकार घायलों का इलाज कराएगी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से भी मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर ये जानकारी दी गई है।

 

मृतकों में अब तक इन लोगों की पहचान हुई

  1. लक्ष्मी (70) पति रतीलाल पटेल, पटेल नगर
  2. इंद्र कुमार (53) पिता थामावदास हरवानी, साधु वासवानी नगर
  3. भारती कुकरेजा (58) पति परमानंद कुकरेजा, साधु वासवानी नगर
  4. जयवंती (84) पति परमानंद खूबचंदानी, स्नेह नगर
  5. दक्षा पटेल (60) पति लक्ष्मीकांत पटेल, पटेल नगर
  6. मधु (48) पति राजेश भम्मानी, सर्वोदय नगर
  7. मनीषा मोटवानी पति आकाश मोटवानी, साधु वासवानी नगर
  8. गंगा पटेल (58) पति गगन दास, पटेल नगर
  9. कनक पटेल (32), पटेल नगर
  10. पुष्पा पटेल (49), पटेल नगर
  11. भूमिका खानचंदानी (31), पटेल नगर।

जिस मंदिर में ये हादसा हुआ। उसके एक तरफ सर्वोदय नगर, दूसरी तरफ पटेल नगर और तीसरी तरफ स्नेह नगर क्षेत्र आता है। इसलिए यहां आयोजित हवन-पूजन के कार्यक्रम से तीनों ही क्षेत्र के लोग पहुंचे थे। 

मंदिर परिसर में खुदाई से छत गिरने की आशंका
बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में निर्माण और खुदाई का काम चल रहा है। आशंका है कि यह भी हादसे की वजह हो सकता है। कुछ रहवासियों ने चूहों के कारण कुआं खोखला होने की बात भी कही है।

राष्ट्रपति से लेकर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया दुख
इंदौर हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति शोक-संवेदनाएं व्यक्ति की, साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि इंदौर में हुए हादसे से बेहद आहत हूं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर स्थिति की जानकारी ली। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से आगे बढ़ रही है।

रक्षा मंत्री राजनाथ और कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

Share this story