शेयर बाजार ऑल टाइम हाई : सेंसेक्स ने 76,738 का हाई बनाया, अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी

शेयर बाजार ऑल टाइम हाई : सेंसेक्स ने 76,738 का हाई बनाया, अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी
शेयर बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों की वेल्थ लगभग 12 लाख करोड़ रुपए बढ़ गई है। BSE का मार्केट कैप शुक्रवार को 4,12,12,881 करोड़ रुपए था जो आज यानी, 3 जून को बढ़कर 4,23,71,233 करोड़ रुपए पहुंच गया है।

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

मुंबई। चुनाव नतीजों से एक दिन पहले शेयर बाजार अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। सोमवार को कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 2000 अंकों की बढ़त लेकर 76,738 पर पहुंच गया। यह सेंसेक्स का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं निफ्टी भी अपने ऑल टाइम हाई 23,338 पर पहुंच गया। इसमें 650 अंक से ज्यादा की तेजी देखने मिली।

 

पिछले 2 साल में यह शेयर बाजार की एक दिन में सबसे ज्यादा बढ़त है। इससे पहले 30 अगस्त 2022 को सेंसेक्स में 1500 अंक से ज्यादा की तेजी रही थी। सुबह 10 बजे सेंसेक्स 76.050 और निफ्टी 23,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

डॉलर के मुकाबले रुपया 42 पैसे मजबूत
डॉलर के मुकाबले रुपया 42 पैसे मजबूत हुआ है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 83 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया है। इससे पहले ये को डॉलर के मुकाबले रुपया 83.42 रुपए प्रति डॉलर पर था।

अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी
आज अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। अडाणी पावर के शेयर में सबसे ज्यादा 16% से ज्यादा की तेजी है। शुक्रवार 31 मई को भी अडाणी ग्रुप के सभी शेयरों में तेजी रही थी।

बाजार में तेजी की वजह एग्जिट पोल को माना जा रहा
1 जून को लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल आने के बाद सोमवार को मार्केट पहली बार खुला है। माना जा रहा है कि एग्जिट पोल में मजबूत सरकार बनने के अनुमान ने मार्केट में पॉजि​​​​​टिव सेंटिंमेंट को बढ़ावा दिया है। यह भी अनुमान है कि नई सरकार डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम करेगी, जिससे इकोनॉमी मजबूत होगी।

शुक्रवार को भी बाजार में तेजी रही थी
इससे पहले पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी 31 मई को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 75 अंक की तेजी के साथ 73,961 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 42 अंक की तेजी रही, ये 22,530 के स्तर पर बंद हुआ था।

6 महीने में 10% और एक साल में 21% चढ़ा सेंसेक्स
सेंसेक्स पिछले एक साल से लगातार बढ़त की तरफ है। इसमें पिछले एक महीने में 2.88% और 6 महीने में 10.41% की तेजी देखने को मिली है। पिछले एक साल में यह 21.05% और 5 साल में 91.86% चढ़ चुका है।

क्रोनॉक्स लैब साइंसेज का IPO ओपन हुआ
क्रोनॉक्स लैब साइंसेज लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए आज ओपन हो गया है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 5 जून तक बोली लगा सकेंगे। इस IPO के लिए रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट यानी 110 शेयर के लिए अप्लाय करना होगा।

कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड ₹129- ₹136 प्रति शेयर तय किया है। यदि आप IPO के अपर प्राइज बैंड ₹136 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं तो आपको ₹14,960 लगाने होंगे। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट यानी 1430 शेयर के लिए बिडिंग कर सकते हैं, जिसके लिए ₹194,480 इन्वेस्ट करने होंगे।

Share this story