महाराष्ट्र के ठाणे में भीषण हादसा गर्डर मशीन मजदूरों पर गिरी, 16 की मौत:कई के दबे होने की आशंका; समृद्धि एक्सप्रेसवे पर रात में काम चल रहा था

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
ठाणे । महाराष्ट्र के ठाणे में समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर सोमवार देर रात हादसा हो गया। शाहपुर के पास सरलांबे में हाईवे पर पुल निर्माण के दौरान एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 16 मजदूरों की मौत हो गई है। तीन घायल हैं।
हाईवे पर रात में निर्माण कार्य चल रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह गर्डर मशीन 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरी। ऐसा बताया जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। अब भी कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है।
रेस्क्यू का काम जारी है। दरअसल, गर्डर मशीन का वजन काफी होने से उसे जल्दी से हटाया नहीं जा पा रहा है। क्रेन आने के बाद ही रेस्क्यू काम में तेजी आएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहपुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में करीब 15 शव लाए जा चुके हैं।
#WATCH महाराष्ट्र: अब तक 16 शव बरामद किए गए हैं और तीन के घायल होने की खबर है। खोज एवं बचाव अभियान जारी है: NDRF pic.twitter.com/bfTT6eWyn0
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 1, 2023
पहले फोटो में देखिए हादसा...
एक्सप्रेस वे पर रात को निर्माण कार्य चल रहा था। तभी एक गर्डर मशीन नीचे गिर पड़ी।
भारी मशीन गिरने की वजह से रेस्क्यू टीम को मलबा हटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्डर लॉन्चिंग मशीन 100 फीट की ऊंचाई से गिरी, जिसके नीचे मजदूर दब गए।
हादसे वाली जगह पर NDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
गर्डर का भारी मलबा हटाने के लिए घटनास्थल पर क्रेन पहुंच गई है।
6 महीने में 88 लोगों गंवाई जान
दिसंबर 2022 में उद्घाटन के बाद से अब तक समृद्धि एक्सप्रेस वे पर 616 हादसे हुए हैं। इनमें से 39 हादसे जानलेवा थे, जिनमें 88 लोगों की मौत हुई, जबकि सभी हादसों को मिलाकर 660 लोग घायल हुए हैं। 87 हादसे गंभीर थे, जिनमें 232 लोगों को गंभीर चोटें आईं, 215 सामान्य हादसे थे जिनमें 428 लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि 275 हादसे ऐसे थे जिसमें कोई घायल नहीं हुआ।
701 किमी लंबा एक्सप्रेसवे है समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे
- समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे डिप्टी CM देवेन्द्र फडणवीस की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसका नाम 'हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे' महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग है।
- यह हाइवे मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। जो नागपुर, वाशिम, वर्धा, अहमदनगर, बुलढाणा, औरंगाबाद, अमरावती, जालना, नासिक और ठाणे समेत दस जिलों से होकर गुजरता है।
- हाइवे का निर्माण कार्य तीन फेज में हो रहा है। दो फेज का काम पूरा हो चुका है। तीसरे फेज का काम ठाणे जिले में चल रहा है। यह हादसा ठाणे के शाहपुर इलाके के सरलांबे में हुआ।
- समृद्धि महामार्ग का निर्माण कार्य महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम कर रहा है। दिसंबर 2022 में, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरडी और नागपुर के बीच 520 किलोमीटर लंबे समृद्धि राजमार्ग के पहले चरण का उद्घाटन किया।
- इसके बाद परियोजना के दूसरे चरण का उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने किया था। नागपुर से इगतपुरी तालुका के भारवीर गांव तक कुल 600 किलोमीटर की सड़क खोल दी गई है।
- फिलहाल समृद्धि हाईवे नागपुर से इगतपुरी तक चल रहा है। समृद्धि राजमार्ग का आखिरी और तीसरा चरण दिसंबर 2023 तक पूरा होने की संभावना है। यह सौ किलोमीटर का चरण है।