542 सीटों की काउंटिंग : रुझानों में NDA 298 और I.N.D.I.A. 228 सीटों पर आगे

 542 सीटों की काउंटिंग : रुझानों में NDA 298 और I.N.D.I.A. 228 सीटों पर आगे

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

 नई दिल्ली। लोकसभा की 543 में से 542 सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में भाजपा बहुमत से दूर है। उसे 32 से ज्यादा सीटों का नुकसान दिख रहा है। 2019 में पार्टी को 303 सीटें मिली थीं। हालांकि, NDA की सरकार बनती दिख रही है।

रुझानों में NDA 298 और I.N.D.I.A. 228 सीटों पर आगे है। रुझानों में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में NDA को नुकसान दिख रहा है। लखनऊ के रामबाई इलाके के काउंटिंग सेंटर पर भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

पीएम मोदी वाराणसी से जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को 1.50 लाख से ज्यादा वोटों से हराया। मोदी यहां से लगातार तीसरी बार सांसद होंगे।

इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के अनुसार, दोपहर एक बजे तक भाजपा को 241, कांग्रेस को 94, सपा को 36, टीएमसी को 31, डीएमके को 21, टीडीपी को 16, जेडीयू को 15, शिवसेना यूटीबी को 9, एनसीपी शरद पवार को 7, राजद को 4 और लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास को 5, शिवसेना शिंदे को 7 सीटें मिलती दिख रही हैं।

काउंटिंग सुबह 8 बजे शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलट और उसके बाद EVM के नतीजे आ रहे हैं। अगले 2 से 3 घंटे में नई सरकार की तस्वीर साफ हो सकती है।

चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया था। कुल 7 फेज में 19 अप्रैल से 1 जून तक वोटिंग हुई। 1952 के बाद 44 दिन का यह चुनाव सबसे लंबा रहा। 1952 में यह 4 महीने चला था। इन 2 मौकों के अलावा चुनाव की प्रोसेस अमूमन 30 से 40 दिन में पूरी हो जाती थी।

मोदी वाराणसी से जीते, उत्तर मध्य मुंबई सीट से मशहूर वकील उज्ज्वल निगम हारे

इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, अब तक भाजपा के 21, कांग्रेस के 4, जनता दल के 2, शिवा सेना (उद्धव ठाकरे) के 1, आम आदमी पार्टी के 1 उम्मीदवार जीत चुके हैं।

  • पीएम मोदी वाराणसी सीट से डेढ़ लाख से ज्यादा वोट से जीत गए हैं।
  • उत्तर मध्य मुंबई सीट से मुबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने मशहूर वकील उज्ज्वल निगम को हरा दिया है।
  • गुजरात के महेसाणा सीट से हरिभाई पटेल को 686406 वोट मिले और 328046 वोट से जीते।
  • अहमदाबाद पूर्व सीट से हसमुखभाई पटेल (एच.एस.पटेल) को 770459 वोट मिले और 461755 वोट से जीते।
  • अहमदाबाद पश्चिम सीट से दिनेशभाई मकवाना (वकील) को 611704 वोट मिले और 286437 वोट से जीते.
  • जूनागढ़ से चुडासमा राजेशभाई नाराणभाई 584049 को वोट मिले और 135494 वोट से जीते.
  • विदिशा सीट से भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 लाख से ज्यादा वोट से जीते।
  • इंदौर सीट से भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी जीते।
  • जालंधर सीट से कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जीते।
  • कर्नाटक की मान्डया सीट से जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने जीत दर्ज की।
  • महाराष्ट्र में रायगढ़ सीट से NCP के सुनील तटकरे जीत गए हैं।
  • राजस्थान में भीलवाड़ा सीट से BJP के दामोदर अग्रवाल जीत गए हैं।
  • राजस्थान में करौली धौलपुर सीट से कांग्रेस के भजन लाल जाटव जीत गए हैं।
  • यूपी की सीतापुर सीट से कांग्रेस के राकेश राठौर जीत गए हैं।
  • कर्नाटक में उत्तर कन्नड़ सीट से विश्वेश्वर हेगड़े, उडुपी चिकमंगलूर सीट से कोटा श्रीनिवास चुनाव जीत गए हैं। दोनों BJP के कैंडिडेट हैं।
  • कर्नाटक में मैसूर सीट से BJP के यदुवीर कृष्णदत्ता वाडियार और चिकबल्लापुर से BJP के डॉ. के सुधाकर चुनाव जीत गए हैं।
  • गुजरात के गांधीनगर से अमित शाह चुनाव जीत गए हैं। जीत का अंतर 7.44 लाख है।

 

इंदौर लोकसभा सीट पर 3 रिकॉर्ड टूटे; देश में सबसे बड़ी जीत, सबसे ज्यादा वोट NOTA को

भाजपा प्रत्याशी सांसद शंकर लालवानी को 12 लाख से ज्यादा वोट मिले हैं। पिछली बार 10.68 लाख वोट मिले थे। यानी बीजेपी ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दूसरा, जीत के अंतर का। उन्होंने देश में सबसे बड़ी जीत हासिल कर ली है। जीत का अंतर 1008077 हो गया है। इससे पहले, 2019 में सबसे बड़ी गुजरात की नवसार सीट के नाम पर थी। वहां भाजपा के सीआर पाटिल नवसार सीट से 6.90 लाख वोटों से जीते थे। तीसरा नोटा का है। जिसे पहली बार देश में 2 लाख 18 हजार से ज्यादा वोट मिल गए हैं। अब तक ये रिकॉर्ड बिहार की गोपालगंज सीट के नाम पर था। उसे 2019 में देश में सबसे ज्यादा 51,600 वोट मिले थे।

नीतीश, नायडू ने NDA के खिलाफ गठबंधन बनाने में पहल की, आज इन्हीं के वजह से NDA सरकार बन रही 

2019 में पहली बार चंद्रबाबू नायडू ने NDA सरकार के खिलाफ सभी विपक्षी पार्टियों को एक करने की कोशिश की थी। वहीं, 2024 में नीतीश कुमार ने कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों के साथ मीटिंग करके I.N.D.I.A. ब्लॉक बनाने में मदद की थी। अभी तक के रुझान में NDA को 294 सीटें मिल रही हैं। इनमें चंद्रबाबू नायडू की TDP की 16 और नीतीश के जदयू की 14 सीटें हैं। यानी NDA में नीतीश और नायडू की कुल 30 सीटें मिलती हैं। अगर ये दोनों नेता खुद को NDA से अलग करते हैं तो NDA के पास 265 सीटें बचेंगी, जो बहुमत के आंकड़े से 7 सीटें दूर हैं।

Share this story