बिहार में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग, एक की मौत, 2 गंभीर:कटिहार में बिजली कटौती के विरोध में लोगों ने किया पथराव

बिहार में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग, एक की मौत, 2 गंभीर:कटिहार में बिजली कटौती के विरोध में लोगों ने किया पथराव

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

कटिहार बिहार के कटिहार जिले में बिजली विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस ने फायरिंग कर दी। इसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रदर्शनकारियों के पथराव में 12 से अधिक पुलिसकर्मी और बिजली कर्मचारी भी घायल हुए हैं।

पुलिस ने फायरिंग में एक ग्रामीण की मौत की पुष्टि की है। उसका नाम बासल गांव निवासी खुर्शीद आलम (34) बताया गया है। वहीं, बारसोई के चापाखोड़ पंचायत निवासी नियाज आलम (32) की हालत नाजुक है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस फायरिंग में 5 लोगों को गोली लगी है।

बारसोई अनुमंडल में बुधवार दोपहर 12:30 बजे बिजली कटौती के खिलाफ एक हजार से अधिक लोग सड़क पर उतर गए। प्रदर्शनकारी बिजली दफ्तर का घेराव करने पहुंचे। प्राणपुर के बस्तौल चौक और बारसोई प्रखंड मुख्यालय का मेन रोड जाम करके लोग प्रदर्शन करने लगे।

इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया। उग्र भीड़ फिर भी नहीं मानी, तब पुलिस ने गोली चलाई।

तस्वीरों में देखिए प्रदर्शन...

प्राणपुर के बस्तौल चौक और बारसोई प्रखंड मुख्यालय का मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन करते लोग।

प्राणपुर के बस्तौल चौक और बारसोई प्रखंड मुख्यालय का मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन करते लोग।

बारसोई प्रखंड मुख्यालय का घेराव करने पहुंचे थे ग्रामीण।

बारसोई प्रखंड मुख्यालय का घेराव करने पहुंचे थे ग्रामीण।

अघोषित कटौती से परेशान थे लोग
बुधवार सुबह 5 बजे से 11 बजे तक मेंटेनेंस कार्य के लिए बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसके कारण लोग आक्रोशित हो गए थे।

एसपी बोले- फायरिंग किसके आदेश से हुई, जांच करेंगे
एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि बिजली विभाग के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। लोग प्रोटेस्ट कर रहे थे। अचानक भीड़ उत्तेजित हो गई। लोगों की भीड़ में पुलिसकर्मी घिर गए थे। इस वजह से आत्मरक्षा में कुछ फायरिंग की गई थी। आगे हमलोग जांच कर रहे हैं।

इधर, पुलिस मुख्यालय की तरफ से प्रेस रिलीज जारी करके कहा गया कि भीड़ उग्र थी। थाने से 100 मीटर दूर बिजली विभाग के दफ्तर पर प्रदर्शन चल रहा था। इसमें लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर लोग पहुंचे थे।

पुलिस ने चेतावनी दी, लेकिन उग्र भीड़ नहीं मानी। पुलिस और बिजली विभाग के अफसरों पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए सीमित फायरिंग की। एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। वहीं, पथराव में 12 से अधिक पुलिसकर्मी और बिजली कर्मचारी घायल हैं।

कटिहार में फायरिंग, प्रदेश में गरमाई सियासत
कटिहार में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग के बाद प्रदेश में सियासत गरमा गई है। विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

सम्राट चौधरी ने ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा।

सम्राट चौधरी ने ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बताया कि कटिहार में नीतीश जी की पुलिस ने गोली चलाकर आम लोगों काे मारने का काम किया। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी हाई लेवल जांच की जाएगी।

सिर में लगी गोली..पीछे जाकर फंसी

घायलों में बारसोई में पदस्थापित विद्युत कार्यालय डाटा एंट्री ऑपरेटर का छोटे भाई सोनू शाह है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नाजुक हालात में कटिहार मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत ने कहा कि युवक को भर्ती कराया गया है। आगे के हिस्से में सिर में गोली लगी है। पीछे के हिस्से में जाकर अटक गई है। कंडीशन बहुत सीरियस है। एक गोली लगी है। अभी तक निकली नहीं है।

डीएम ने की शांति समिति की बैठक

जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि अभी स्थिति सामान्य है। शांति समिति की बैठक की जा रही है। जिन लोगों ने भीड़ को भड़काया है, उन्हें आइडेंटिफाई कर कार्रवाई करेंगे। अभी तक एक व्यक्ति की मौत की जानकारी है और 2 घायल हैं।

Share this story