हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का सीएम कौन यक्ष प्रश्न : प्रतिभा समर्थकों ने पार्टी हाईकमान की ओर से भेजे गए नेताओं के आगे नारे लगाए , सुक्खू गुट के तीन विधायकों ने गुप्त बैठक की

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने शुक्रवार दोपहर बाद चुनाव पर्यवेक्षकों भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला के सामने खूब हंगामा किया। राजभवन जाने के लिए जैसे ही पार्टी हाईकमान की ओर से भेजे गए नेता चौड़ा मैदान स्थित होटल से बाहर निकले तो प्रतिभा समर्थकों ने उनकी गाड़ी के आगे खड़े होकर मुख्यमंत्री बनाने की मांग करते हुए नारे लगाए।
समर्थकों ने जब तक सूरज चांद रहेगा, वीरभद्र सिंह का नाम रहेगा और हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, प्रतिभा सिंह जैसा हो के नारे लगाए। समर्थकों को काबू करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। कुछ समय के लिए चौड़ा मैदान में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहीं, दूसरी तरफ शिमला के होटल हिमलैंड में सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन किया। सूत्रों के अनुसार होटल में सुक्खू गुट के तीन विधायकों ने गुप्त बैठक की।
मैं बैठक में हिस्सा लूंगा। विधायकों की बात सुनी जाएगी और सर्वसम्मति से एक फैसला लिया जाएगा। मैं अभी मुख्यमंत्री के नाम पर कुछ नहीं कह सकता: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस AICC सह-प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, शिमला pic.twitter.com/TL6O1mUSHZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 9, 2022
कांग्रेस नेताओं ने राजभवन पहुंचकर दावा पेश किया
हिमाचल प्रदेश में नई सरकार का गठन करने के लिए कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राजभवन पहुंचकर दावा पेश किया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर चुनाव पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए पत्र सौंपा।
हिमाचल प्रदेश: राजीव शुक्ला और पर्यवेक्षक भूपेंद्र हुड्डा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य नेता गवर्नर हाउस से रवाना हुए। pic.twitter.com/mSVVbBGOVB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 9, 2022
शाम को बैठक बुलाई गई है और उसमें मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी। यहां गुटबाजी नहीं है। यहां किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं है और हर कोई हमारे साथ है: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह pic.twitter.com/0CiWvajDlx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 9, 2022
विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने पर कांग्रेस हाईकमान की ओर से प्रदेश में मुख्यमंत्री का चयन करने और सरकार गठन के लिए इन तीनों नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला चंडीगढ़ से हेलिकॉप्टर के जरिये शिमला पहुंचे। शिमला के चौड़ा मैदान स्थित एक होटल में इन नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से मुलाकात की। दोपहर 3:30 बजे राजभवन में सरकार का दावा पेश करने के बाद तीनों नेता चौड़ा मैदान स्थित होटल लौटे।
पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और नादौन से कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पहले मीडिया के लोग मुझसे एक ही सवाल पूछते थे कि हिमाचल में कांग्रेस किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। मैंने कहा कि यह सामूहिक नेतृत्व में किया जाएगा। विचारधारा सर्वोच्च है और पद बाद में आता है। हमारे पास एक मुख्यमंत्री होगा। चुनाव लड़ने वालों को ही हाईकमान मुख्यमंत्री बनाएगा।
हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और यहां कोई बिका हुआ नहीं है। शिमला जाते समय सोलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि थोड़ी देर में विधायक दल की बैठक है। उसमें पार्टी के प्रभारी भी आ रहे हैं। बैठक में तय हो जाएगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा।
सुक्खू के साथ विधायक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सीनियर लीडर हैं और वह कहीं नहीं गए हैं। वह भी बैठक में पहुंच रहे हैं। कहा कि जनता ने उन्हें पूर्ण बहुमत दिया है अब जनता के मत का मान रखा जाएगा। हालांकि उनके सीएम बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पांच साल पहले उन्हें विपक्ष के नेता का जिम्मा दिया गया था और वह सबको साथ लेकर चले और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई।