किसानों को मोदी सरकार का बड़ा तोहफा : 17 फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी

Newspoint24/ newsdesk / एजेंसी इनपुट के साथ
नई दिल्ली। देश के किसानों को एक बार फिर मोदी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने 17 फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी कर दी है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में खरीफ फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फसल वर्ष 2022-23 के लिए धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 100 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। धान की कीमत बढ़ने के बाद अब किसानों को प्रति क्विंटल 2040 रुपए का भुगतान किया जाएगा।
सूरजमुखी की एमएसपी पर सबसे अधिक वृद्धि
उन्होंने बताया कि सूरजमुखी की एमएसपी पर सबसे अधिक वृद्धि की गई है। इसमें कुल 385 रुपए बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कपास मध्यम रेशा की एमएसपी में 354 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। सोयाबीन के समर्थन मूल्य में 350 रुपए की वृद्धि की गई है। उड़द, मूंगफली, अरहर की सपोर्ट प्राइज को प्रति क्विंटल 300 रुपए बढ़ाया गया है। मक्का की एमएसपी इस बार पिछले साल से 92 रुपए ज्यादा है। रागी पर 201 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। सामान्य धान और ग्रेड-ए धान पर 100 रुपए बढ़ाए गए हैं।
नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा दे रही हमारी सरकार
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा दे रहे हैं। 22 करोड़ किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं। छोटे किसानों को मजबूत बनाने के लिए 10,000 एफपीओ खोलने की योजना शुरू की गई है। हमारी सरकार पिछले 8 साल से किसानों के हित में काम कर रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के जीवन में समृद्धि लाने और उनकी कमाई बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें : सत्येंद्र जैन की मुसीबत बढ़ी : छापेमारी में 2.82 करोड़ नगद और 133 गोल्ड बिस्किट और सोने के सिक्के बरामद