पंजाब सीएम भगवंत मान के घर के सामने मजदूरों पर लाठीचार्ज , दौड़ा-दौड़कर पीटा, कई घायल 

पंजाब सीएम भगवंत मान के घर के सामने मजदूरों पर लाठीचार्ज , दौड़ा-दौड़कर पीटा, कई घायल

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
 

संगरूर। पंजाब में बुधवार को प्रदर्शनकारी मजदूरों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। मजदूर अपनी मांगों को लेकर भारतीय खेत मजदूर यूनियन की अगुआई में CM भगवंत मान के संगरूर स्थित आवास के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें कई मजदूर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पंजाब भर से अलग-अलग मजदूर संगठनों के सदस्य सुबह ही संगरूर में बाइपास पर इकट्ठा हुए। यहां से उन्होंने भारतीय खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले सीएम के आवास की ओर कूच किया। संगठनों ने इस प्रदर्शन की जानकारी प्रशासन को पहले से दे रखी थी। लिहाजा सीएम आवास की तरफ जाने वाले रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात था।


एक किलोमीटर पहले रोका
पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे मजदूरों को पुलिस ने सीएम आवास से एक किलोमीटर पहले बैरिकेडिंग करके रोक दिया। मजदूरों ने जब बैरिकेडिंग लांघकर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई किसान और मजदूर घायल हो गए।

 
धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी
उधर इस लाठीचार्ज के बाद मजदूर संगठनों के सदस्य उस कॉलोनी के गेट के आगे धरने पर बैठ गए जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान का घर है। उन्होंने कॉलोनी के अंदर जाने का रास्ता बंद कर दिया। मजदूर संगठनों के सदस्यों ने कहा कि पंजाब पुलिस की धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 
इन मांगों को लेकर प्रदर्शन
संगरूर में प्रदर्शन कर रहे मजदूर संगठनों की दो प्रमुख मांगें हैं। इनमें उन्हें रहने-मकान बनाने के लिए प्लॉट देने और पक्के रोजगार की मांग शामिल है। मजदूर संगठनों का कहना है कि उन्हें मनरेगा और खेतों में काम करने पर रोज दिहाड़ी नहीं मिलती।

 
वादों से मुकरी सरकार
प्रदर्शनकारियों के अनुसार अपनी मांगों को लेकर वह पंजाब की AAP सरकार से कई दौर की मीटिंग कर चुके हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। पंजाब सरकार पंचायतों को मनरेगा का फंड भी नहीं दे रही। ऐसे में उनके लिए अपना घर चलाना मुश्किल हो गया है।

पंजाब में आज भी मजदूरों की दिहाड़ी ढाई सौ रुपए है। सरकार दिहाड़ी बढ़ाने, प्लॉट देने और कर्ज माफ करने का वादा करके अब मुकर रही है।

 

यह भी पढ़ें : कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट : 14 रुपए तक सस्ते हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल, तेल कंपनियों का घाटा खत्म, मुनाफा बढ़ेगा
 

Share this story