जापान में 7.3 तीव्रता का भूकंप , 20 लाख घरों में बिजली गुल , टोक्यो में भगदड़ के हालात

Newspoint24/संवाददाता/एजेंसी इनपुट के साथ
टोक्यो। जापान में बुधवार रात 7.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसका असर राजधानी टोक्यो समेत कई शहरों में देखा गया। जापान के मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट ने सिर्फ एक लाइन के बयान में कहा- हमारे देश के उत्तरी-पूर्वी क्षेत्र में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। हालात पर नजर रखी जा रहा है। खबर है कि राजधानी टोक्यो में भगदड़ के हालात बन गए। बुधवार को ही भारत के लद्दाख में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। यहां किसी नुकसान की खबर नहीं है।
20 लाख घरों में बिजली गुल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप का केंद्र फुकुशिमा क्षेत्र के करीब 60 किलोमीटर गहराई में था। इसके बाद लोगों को स्पेशल एडवाइजरी जारी की गई। जापान के वक्त के मुताबिक, भूकंप रात 11:36 बजे आया। इस दौरान ज्यादातर लोग अपने घरों में थे। फिलहाल, किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। कुछ समुद्री इलाकों में लहरें एक मीटर तक उठीं। जापान टाइम्स के मुताबिक, करीब 20 लाख घरों में बिजली बंद हो गई है। कुछ इलाकों में खतरे से बचने के लिए बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।
फुकुशिमा प्लांट पर पैनी नजर
जापान सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट पर पैनी नजर रखी जा रही है। 11 साल पहले आए भूकंप में इसे काफी नुकसान पहुंचा था। तब भूकंप की तीव्रता 9.0 थी। जापान में अकसर भूकंप आते हैं, क्योंकि यह रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में आता है। यहां मकान और बड़ी इमारतें का डिजाइन इस तरह से तैयार किया जाता है ताकि वो भूकंप के बड़े झटके सह सकें। 2011 में आए भूकंप और सुनामी में करीब 19 हजार लोग मारे गए थे। फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को भी काफी नुकसान पहुंचा था।