12 से 14 साल के बच्चों को भी कोरोना का टीका, 60 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए प्रिकॉशन बुस्टर डोज

Newspoint24/संवाददाता / एजेंसी इनपुट के साथ
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 12 से 14 साल के बच्चों को भी कोरोना का टीका लगाने का फैसला किया है। बच्चों का टीकाकरण 16 मार्च से शुरू होगा। इसके साथ ही 60 साल से अधिक उम्र के सभी लोग अब प्रिकॉशन डोज लगवा पाएंगे। सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर इसकी घोषणा की। उन्होंने बच्चों के परिजनों और से आग्रह किया कि वे वैक्सीन जरूर लगवाएं।
बता दें कि 3 जनवरी 2022 से ही सरकार ने 15 से 17 साल उम्र वाले किशोरों का वैक्सीनेशन शुरू किया था। इस आयु वर्ग के देश में करीब साढ़े 7 करोड़ बच्चे हैं। भारत में 12 से 18 साल के बच्चों को कोरोना की वैक्सीन लगाने की मंजूरी ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया से पहले ही मिल गई थी। इस आयु वर्ग के लिए भी भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को अप्रूवल मिला है।
वैक्सीनेशन का आंकड़ा 180 करोड़ के पार
भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 180.19 करोड़ को पार कर गया है। भारत ने पिछले 24 घंटों में केवल 2,503 नए मामले दर्ज किए, जो अब तक 680 दिनों में सबसे कम है। भारत का सक्रिय केस लोड (एक्टिव केस) 36,168 है, जो 675 दिनों में सबसे कम है। सक्रिय मामले अब देश के कुल सकारात्मक मामलों के 0.08% हैं।
देश में रिकवरी रेट और टेस्टिंग
भारत की रिकवरी दर 98.72% है। पिछले 24 घंटों में 4,377 मरीज ठीक हुए हैं और ठीक होने वाले रोगियों (महामारी की शुरुआत के बाद से) की कुल संख्या अब 4,24,41,449 है। पिछले 24 घंटों में कुल 5,32,232 COVID-19 परीक्षण किए गए। भारत ने अब तक 77.90 करोड़ (77,90,52,383) कुल परीक्षण किए हैं। साप्ताहिक और दैनिक सकारात्मकता दरों में भी लगातार गिरावट आई है। देश में साप्ताहिक सकारात्मकता दर वर्तमान में 0.47% है और दैनिक सकारात्मकता दर 0.47% बताई गई है।
यह भी पढ़ें :
यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में भी लड़ाई तेज,रूस ने हमले में 180 विदेशी लड़ाकों को मारने का दावा किया