दिल्ली नगर निगम के लिए वोटिंग खत्म, सात दिसंबर को आएंगे नतीजे : :बिना वोट डाले लौटे दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष, धांधली के आरोप में चुनाव आयोग पहुंचीं भाजपा और आप

नगर निगम चुनाव में 4 बजे तक 45% वोटिंग:बिना वोट डाले लौटे दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष, धांधली के आरोप में चुनाव आयोग पहुंचीं भाजपा और आप

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) के सभी 250 वार्डों के लिए रविवार को वोटिंग जारी है। शाम 4 बजे तक सिर्फ 45% वोटिंग हुई है। भाजपा और आप में कड़ा मुकाबला है। एक तरफ BJP आम आदमी पार्टी को शराब और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरे हुए है, दूसरी ओर AAP का कहना है कि दिल्ली में गंदगी के लिए भाजपा जिम्मेदार है। इधर, भाजपा और आप वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग के पास पहुंची हैं। वोटिंग शाम 5.30 तक चलेगी। नतीजे 7 दिसंबर को आएंगे।

 

चुनाव के अपडेट्स...

  • मनीष सिसोदिया ने लिस्ट से नाम काटे जाने को साजिश बताया। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत हम चुनाव आयोग से करने जा रहे हैं।
  • भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि सुभाष मोहल्ला वार्ड BJP समर्थक 450 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं।
  • दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी का कहना है कि उनका नाम वोटर लिस्ट में नाम नहीं है। वह बिना वोट डाले लौट गए।
  • दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया लोगों से बोले- दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने के लिए वोट करें।
  • केजरीवाल की लोगों से अपील- काम करने वालों को वोट दें, काम रोकने वालों को नहीं।
  • MCD चुनाव के मद्देनजर दिल्ली के लाजपत नगर, गांधी नगर, करोल बाग सहित सभी थोक और खुदरा बाजार बंद रहेंगे।

चुनाव को लेकर नेताओं के बयान...

  • केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी ने कहा- हमें जनता पर पूरा भरोसा है, हमने क्षेत्र में जनता की सेवा की है। हर मुद्दे के ऊपर काम किया है। मैं केजरीवाल जी के बयान से सहमत हूं कि ईमानदार पार्टी को ही वोट करना चाहिए, क्योंकि जिस प्रकार CM, डिप्टी-CM और अन्य मंत्री है, उनका रिकॉर्ड तो जनता के सामने है।
  • भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा- सुभाष मोहल्ला वार्ड में बीजेपी का समर्थन करने वाले 450 वोटरों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। यह दिल्ली सरकार की एक बड़ी साजिश है, इसके खिलाफ शिकायत करेंगे और इस चुनाव को रद्द करने और फिर से चुनाव कराने की अपील करेंगे।
  • कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा- लोगों को उम्मीदवारों को देखना चाहिए और उसके अनुसार मतदान करना चाहिए। कांग्रेस के उम्मीदवार अच्छे हैं और लोगों को उस उम्मीदवार को वोट देना चाहिए जो चुनाव के बाद उनके लिए उपलब्ध होगा।
  • दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने कहा- मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे इस बात को ध्यान में रखें कि शहर को साफ रखना MCD की प्राथमिकता है। BJP ने 15 साल से दिल्ली के लिए कुछ नहीं किया, वह लोगों के लिए काम करने में बुरी तरह विफल रही है।
  • पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा- मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग वोट डालेंगे। PM मोदी के नेतृत्व में BJP ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, मुझे उम्मीद है कि लोग उसी के अनुसार मतदान करेंगे। दिल्ली ने पिछले 15 सालों में भाजपा का काम देखा है।
  • केंद्रीय मंत्री एचएस पुरी मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा- ये चुनाव दिल्ली के लिए वेक-अप कॉल है। हमें 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है। हाल ही में एक रिपोर्ट में कहा गया कि अगले 4-5 सालों में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। इसलिए लोगों को यह चुनना होगा कि वे किस ब्रांड की राजनीति को फॉलो करना चाहते हैं।

AAP के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची BJP
BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बताया कि दिल्ली BJP ने चुनाव आयोग से AAP की शिकायत की है। उन्होंने ट्वीट किया- आप के दुर्गेश पाठक और विजेंद्र गर्ग ने कल रात एमसीसी और चुनावी गाइडलाइंस का उल्लंघन किया। हार के डर से आप अवैध नगदी, शराब बांटते और अवैध प्रचार करते हुए पकड़ी गई। इसके वीडियो सामने आए हैं। इस पर सख्त कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग से संपर्क किया है।

हालांकि दुर्गेश पाठक ने कहा- BJP वाले सोनिया गांधी कैंप में पैसे, दारू और कपड़े बांट रहे थे। स्थानीय निवासियों ने हमें बुलाया तो भाजपा वाले गुंडागर्दी पर उतर आए। भाजपा बुरी तरह से चुनाव हार रही है।

 

1,349 उम्मीदवार मैदान में
MCD चुनाव के लिए 1349 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 709 महिला प्रत्याशी हैं। BJP और AAP ने सभी 250 सीटों पर अपने-अपने कैंडिडेट उतारे हैं, जबकि कांग्रेस के 247 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे रहे हैं। JDU 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, तो AIMIM ने 15 कैंडिडेट उतारे हैं। BSP ने 174, NCP ने 29, इंडियन मुस्लिम लीग ने 12, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) ने 3, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने 4, और सपा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने एक-एक सीट पर प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। इसके अलावा 382 निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

 

सबसे ज्यादा आबादी वाला वार्ड
मयूर विहार फेज 1 दिल्ली का सबसे बड़ा वार्ड है, यहां 88,878 लोग रहते हैं। वहीं, त्रिलोकपुरी दूसरे और संगम विहार तीसरे नंबर पर है। कंझावला 40,467 निवासियों के साथ सबसे छोटा वार्ड है।

 

केंद्र ने तीनों निगमों को एक किया
2012 तक, MCD एक हुआ करती थी, लेकिन बाद में इसे ईस्ट, नॉर्थ और साउथ निकायों में बांट दिया गया। बहरहाल, चीजें योजना के अनुसार नहीं हुईं और इस साल की शुरुआत में केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2022 पारित किया।

संशोधन के बाद दिल्ली के ईस्ट, नॉर्थ और साउथ नगर निगमों को मिलाकर एक कर दिया गया यानी अब दिल्ली में तीन नहीं एक मेयर होगा। पूरे MCD को 12 जोन में बांटा गया है- सेंट्रल, सिटी-एसपी, सिविल लाइंस, करोल बाग, केशव पुरम, नजफगढ़, नरेला, नॉर्थ शाहदरा, रोहिणी, साउथ शाहदरा, साउथ और वेस्ट। दिल्ली नगर निगम चुनाव में 2017 में कुल 272 सीटों में से 270 सीटों पर वोट डाले गए थे। इस बार सीटें कम होकर 250 हो गई हैं। इनमें से अनुसूचित जाति (SC) के लिए 42 सीटें रिजर्व हैं। महिलाओं के लिए 50 फीसदी सीटें रिजर्व हैं।

 

15 साल से MCD में काबिज BJP

  • BJP ने 2007 के MCD चुनावों में जीत हासिल की थी, तब केंद्र और दिल्ली दोनों में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन भाजपा 2008 में दिल्ली विधानसभा चुनाव नहीं जीत सकी। इस दौरान शीला दीक्षित रिकॉर्ड तीसरी बार सत्ता में लौटीं थीं।
  • भाजपा ने 2012 में फिर से MCD चुनाव जीता। हालांकि 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में हार गई। इस साल अरविंद केजरीवाल ने सरकार बनाई थी। हालांकि उनकी सरकार 49 दिन ही चली। इसके बाद दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू हो गया।
  • 2017 में हुए MCD चुनाव भी भाजपा ने जीते। इस दौरान AAP दूसरे स्थान पर रही। हालांकि AAP ने 2018 में दिल्ली विधानसभा चुनाव जीत लिया।

 

Share this story