साल 2022 का अंतिम चंद्र ग्रहण: जानें कहां-कहां दिखाई देगा पूर्ण चंद्र ग्रहण?

blood moon

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
 

चंद्र ग्रहण तो साल में कई बार होते हैं, लेकिन ब्लड मून का नजारा कई सालों में एक बार दिखाई देता है। ऐसा ही नजारा इस बार 8 नवंबर, मंगलवार को दिखाई देने वाला है।  क्योंकि इस दिन साल 2022 का अंतिम चंद्र ग्रहण होगा। ये ग्रहण भारत में दिखाई देगा, जिसके चलते यहां भी ग्रहण से संबंधित सभी नियम आदि पालनीय होंगे। आगे जानें चंद्र ग्रहण से जुड़ी खास बातें…

कहां-कहां दिखाई देगा पूर्ण चंद्र ग्रहण?  
खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार, 8 नवंबर को होने वाला चंद्र ग्रहण भारत के अलावा दक्षिण अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी अटलांटिक महासागर, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और रूस के कुछ हिस्सों दिखाई देगा। भारतीय समय के अनुसार, चंद्र ग्रहण दोपहर 2.41 से शुरू होकर शाम 6.20 तक रहेगा। ग्रहण का सूतक 9 घंटे पहले शुरू हो जाएगा यानी सुबह 5.41 से, जो ग्रहण के साथ ही समाप्त होगा।

कब दिखाई देता है ब्लड मून?  
खगोल शास्त्रियों के अनुसार चंद्र ग्रहण कई प्रकार के होते हैं जैसे आंशिक चंद्र ग्रहण, उपच्छया चंद्र ग्रहण और पूर्ण चंद्र ग्रहण। 8 नवंबर को पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान पृथ्वी की छाया के सबसे गहरे हिस्से से गुजरता है, जिसे अम्ब्रा कहते हैं। जब चंद्रमा इस छाया के अंदर से गुजरता है तो वह लाल रंग का दिखाई देने लगता है, जिसे ब्लड मून कहते हैं। इसे रेले स्कैटरिंग (Rayleigh scattering) कहते हैं। कई सालों में एक बार ऐसी स्थिति बनती है।

देश के किस हिस्से मे कैसा दिखेगा चंद्र ग्रहण? 
देश के अलग-अलग हिस्सों में चंद्र ग्रहण अलग-अलग रूपों में दिखाई देगा यानी कहीं पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा तो कहीं आंशिक। कोलकाता के साथ-साथ भारत के पूर्वी हिस्सों में पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। बाकी देश में आंशिक चंद्र ग्रहण दिखेगा। दिल्ली में शाम 05:31 बजे आंशिक ग्रहण दिखाई देना शुरू होगा, इस समय चंद्रमा का 66 प्रतिशत हिस्सा धुंधला दिखाई देगा। बेंगलुरु की बात की जाए तो यहां शाम 05:57 पर चंद्रमा उदय होगा, इस दौरान इसका 23 प्रतिशत हिस्सा पृथ्वी की छाया से ढका हुआ दिखाई देगा। 

 

Share this story