2022 वार्षिक राशिफल: मेष राशि - इस साल मिल सकती हैं बड़ी सफलताएं, हेल्थ में उतार-चढ़ाव बनें रहेंगे, प्रेम प्रसंगों को लेकर दूरी बनाकर रखें

   2022 Annual Horoscope: Aries can get big successes this year, there will be ups and downs in health, keep distance regarding love affairs
Newspoint24/newsdesk
मेष राशि
2022  वार्षिक राशिफल: मेष राशी  इस साल मिल सकती हैं बड़ी सफलताएं, हेल्थ में उतार-चढ़ाव बनें रहेंगे, प्रेम प्रसंगों को लेकर दूरी बनाकर रखें

इस साल पैसा तो आपके पास बहुत आएगा, लेकिन खर्च भी होता जाएगा। हेल्थ को लेकर उतार- चढ़ाव बने रहेंगे। विद्यार्थी अपने लक्ष्य पाने में सफल रहेंगे। पति-पत्नी में इस साल सामंजस्य बेहतर बना रहेगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सफलता मिल सकती है। जल्दबाजी में आकर कोई गलत निर्णय ले सकते हैं, इसलिए जो भी करें सोच-समझकर करें। आपके विरुद्ध कोई षड्यंत्र रच सकता है, इसलिए सावधान रहें। प्रेम प्रसंगों को लेकर दूरी बनाकर रखें, नहीं तो किसी मुसीबत में फंस सकते हैं। शनिदेव इस साल आपकी राशि से दसवें स्थान पर रहेंगे, जिसके कारण पिता से संबंधित परेशानियां हो सकती हैं। नौकरी में समय के साथ खुद को बदलें नहीं तो पीछे रह जाएंगे। अधिकारी आपसे किसी बात पर नाखुश हो सकते हैं। आचार्य रामेश्वर नारायण शास्त्री महाराज जी  ( शारदा शक्तिपीठ मैहर ) जानिए  आपके लिए कैसा रहेगा साल 2022…

जनवरी
पहले महीने में राहु वृषभ राशि का दूसरे भाव में, चंद्र-मंगल और केतु वृश्चिक राशि का आठवें भाव में, सूर्य-शुक्र धनु राशि का नौवें भाव में, बुध और शनि मकर राशि का दसवें भाव में, गुरु कुंभ राशि का 11वें भाव में रहेगा। इस महीने आय अच्छी बनी रहेगी। 3 एवं 4 तारीख को समस्याओं से सामना हो सकता है। उसके बाद, कोई मुसीबत आने की संभावना नहीं है। संतान सहायता प्रदान करेगी। नए कार्य की ओर अग्रसर होंगे। 11 से 13 के बीच अचानक धन प्राप्ति के योग बनेंगे 17 से 20 तक समय प्रसन्नता दिलाने वाला होगा। सुखद सूचनाएं मिलेंगी एवं कार्य समय पर संपन्न होंगे। विवादों में विजय प्राप्त होगी। महीने के अंतिम दिनों में आसपास के लोग नाराज रहेंगे। नए कार्य करने से बचें। 24 से समय पक्ष का हो जाएगा। मित्रों की सहायता प्राप्त होगी एवं नवीन कार्यों की प्राप्ति होगी। 

लव लाइफ: इस महीने लव लाइफ में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। किसी खास बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव बढ़ सकता है। पुरानी बातों पर उलझनें बढ़ सकती हैं। वैवाहिक जीवन के लिए ये महीना ठीक नहीं कहा जा सकता है।

नौकरी– बिजनेस: इस महीने नौकरीपेशा लोगों को साथ काम करने वालों की मदद मिल सकती है। हालांकि कुछ मामलों में आपको अधिकारियों से मदद नहीं मिलेगी। बिजनेस करने वाले लोग संभलकर रहें। मेहनत और कामकाज ज्यादा रहेगा। लेन-देन में लापरवाही करने से आपकी परेशानी बढ़ सकती है। 

हेल्थ: सेहत के मामले में आपको संभलकर रहना होगा। ठंडे भोजन से दूर रहना होगा। फास्ट फूड से दूरी बनाएं। कोई पुरानी बीमारी इस महीने आपको परेशान कर सकती है। किसी तरह का इंफेक्शन भी हो सकता है। 


फरवरी
इस महीने राहु वृषभ राशि का दूसरे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का आठवें भाव में, शुक्र-मंगल धनु राशि का नौवें भाव में, बुध-सूर्य-शनि-चंद्रमा मकर राशि का दसवें भाव में, गुरु कुंभ राशि का 11 भाव में रहेगा। योजना सफल एवं विवादों में विजय के साथ, आय को बेहतर बनाए रखेंगे। भ्रमण में समय व्यतीत हो सकता है। आर्थिक दृष्टि से निर्णय लेने में आसानी होगी। संतान सहयोग देंगी एवं आय भी जोरदार होने की संभावना है। काम में तेजी बनी रहेंगी। अतिथियों का आगमन होगा एवं कार्य स्थल पर वातावरण अनुकूल रहने की संभावना है। योग्यता के अनुसार कार्य करने में सक्षम होंगे। महिलाओं को कार्य स्थल पर लाभ होगा। धार्मिक स्थान पर जाने को मिलेगा। महीने के अंतिम दिनों में मनमाने कार्य नहीं कर पाएंगे। आय भी कमजोर रहेंगी। शेष दिन में अच्छा रहेगा। 

लव लाइफ: जीवन साथी से सहयोग मिलता रहेगा। इस महीने में आप अपने साथी के लिए विशेष समय निकालने या कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। जीवनसाथी से अपनी प्रोफेशनल लाइफ के बारे में ज्यादा बहस ना करें। जीवन साथी से कोई उपहार भी मिल सकता है। 

नौकरी-बिजनेस: जॉब वालों के लिए ये महीना औसत रहेगा। आप अपनी योग्यता अनुसार काम करने में सफल रहेंगे। ऑफिस का माहौल भी औसत रहेगा। व्यवसायिक गतिविधियां सुचारू रहेंगी। साझेदारी में एक अनचाहा तनाव हो सकता है। महीने के अंत तक कोई बड़ा सौदा या व्यवसायिक डील होने की संभावना है। 

हेल्थ:  पुराने रोग अगर कोई हैं तो वे थोड़ा सा परेशान कर सकते हैं। शेष कोई परेशानी हेल्थ को लेकर नहीं दिख रही है। चिंताएं आपको थोड़ा अनिद्रा या बेचैनी का एहसास करा सकती है। शेष समय ठीक ही रहेगा। 


मार्च 
इस महीने राहु वृषभ राशि का दूसरे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का आठवें भाव में, शनि-शुक्र-मंगल-बुध-चंद्रमा मकर राशि का दसवें भाव में, सूर्य-गुरु कुंभ राशि का 11वें भाव में रहेगा।
इस महीने दिक्कतें कम होंगी एवं संतान को उपलब्धि प्राप्त होंगी। धार्मिक स्थान पर जाने को मिल सकता है। बेकार के कामों से राहत मिलेंगी। विद्यार्थियों  को सफलता प्राप्त होंगी। नए मकान खरीदने संबंधी योजना बन सकती है। विरोधी शांत रहेंगे। विरोध करने वाले चुप रहेंगे एवं कार्य स्थान पर वर्चस्व स्थापित होगा। नए संपर्क लाभ दिलाने वाले होंगे। माहांत सुखद रहेगा। इस समय आप कोई नया काम शुरू कर सकते हैं। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। सिर दर्द या बदन दर्द की समस्या हो सकती है। महीने के अंतिम सप्ताह में किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है, जो आगे जाकर आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। 

लव लाइफ: जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। जिद करेंगे या किसी बात पर ज्यादा जोर देंगे, तो परेशानियां बढ़ सकती हैं। लाइफ पार्टनर की भावनाएं समझने की कोशिश करें। पार्टनर पर अपनी इच्छाएं थोपने से बचना होगा।

नौकरी-बिजनेस: नौकरी में सफलता मिलने के योग हैं। निपटाया गया काम आपके लिए बहुत हद तक  फायदेमंद साबित हो सकता है। बिजनेस को लेकर चिंता रहेगी, धीरे-धीरे सब ठीक होने की संभवना है। दलाली का काम करने वालों को बड़ा फायदा होने के योग हैं।

हेल्थ: आपको सेहत को लेकर पूरे महीने सावधान रहना होगा। फास्ट फूड ज्यादा न खाएं। पेट के रोग होने की संभावना बन रही है। परिवार के किसी सदस्य की बीमारी से आपकी टेंशन बढ़ सकती है। अपनी आदतों में बदलाव करें।


अप्रैल
इस महीने राहु मेष राशि का लग्न में, केतु तुला राशि का सातवें भाव में, शनि-मंगल मकर राशि का दसवें भाव में, गुरु-शुक्र कुंभ राशि का 11 भाव में और सूर्य-चंद्रमा-बुध मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। इस महीने संतान से किसी बात पर विवाद हो सकता है। नौकरी में भी विवाद की स्थितियां बनेंगी। चंद्र की स्थिति आय को बेहतर बनाकर रखेगी। लोगों के सामने प्रभाव बनाने में कामयाब रहेंगे, किंतु मन दुःखी रहेगा। आलस्य से नुकसान होने की संभावना भी है। कार्य शैली में बदलाव का मन होगा।  योजनाएं सफल होंगी एवं नए कार्य भी प्राप्त होंगे। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा एवं विवादित मामलों में विजय प्राप्त होगी। परिवार के लिए समय मिलाजुला रह सकता है। किसी भी तरह की छोड़ी सी बात से विवाद खड़ा हो सकता है। इससे परिवार में थोड़ा दुराव हो सकता है। 

लव लाइफ: जीवन साथी से सकारात्मक और सहयोगात्मक संबंध रहेगा। किसी भी तरह की विवाद की स्थिति का कोई संकेत नहीं है। किसी भी फैसले में जीवनसाथी की सहमति जरूर लें। 

नौकरी- बिजनेस:  जॉब में इस महीने की शुरुआत विवादों से हो सकती है। सहकर्मियों और टीम मेंबर्स से किसी बात पर असहमति हो सकती है। अधिकारी भी थोड़े नाराज रह सकते हैं।  व्यापार में समय अनुकूल रहेगा। नए सौदों की प्राप्ति हो सकती है। 

हेल्थ: सेहत के लिए समय काफी अच्छा रहेगा। रोगों में राहत मिलने की संभावना है। किसी भी तरह की कोई लापरवाही स्वास्थ्य को लेकर ना बरतें। दवाइयों का सेवन नियमित रखें।


मई
इस महीने राहु-सूर्य और चंद्रमा मेष राशि का लग्न में, बुध वृषभ राशि का दूसरे भाव में, केतु तुला राशि का सातवें भाव में, शनि-मंगल कुंभ राशि का 11 भाव में, शुक्र-गुरु मीन राशि का बारहवें भाव में रहेंगे। महीने के आरंभ में कठिनाइयों का सामना करना होगा। धार्मिक यात्रा पर जाने का योग बनेगा। संतान से सुख मिलेगा। कारोबार में सफलता मिलेगी। अधिकारियों से प्रशंसा प्राप्त होगी। कार्य समय पर हो जाएंगे। धन में कमी के साथ, व्यवहार उग्र हो सकता है।  नए काम मिलेंगे एवं मांगलिक कार्यों में शामिल होने के अवसर आएंगे। शुभ सूचनाएं मिलेंगी। माह का अंत शानदार होगा। बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। परिवार सब तरह से आपके अनुकूल रहेगा। संतान को सफलता मिल सकती है। भाइयों का व्यवहार आपके फेवर में रहेगा। कुछ रिश्तेदारों का घर आना हो सकता है। 

लव लाइफ: जीवनसाथी से आपकी अपेक्षाएं बहुत रहेंगी। आप विशेष भावनात्मक जुड़ाव महसूस करेंगे। किसी बात पर विवाद की स्थिति बन सकती है इसलिए किसी बहस में ना पड़ें। 

नौकरी-बिजनेस: जॉब में नए प्रोजेक्ट और जिम्मेदारियां मिल सकती है। आपकी योग्यता को पहचान मिलेगी। आय के साधन बढ़ सकते हैं और अधिकारी आपकी प्रशंसा करेंगे। कारोबार में आपको बेहतरीन अवसरों की प्राप्ति होगी। कोई महात्वाकांक्षी योजना पर आप काम शुरू कर पाएंगे। 

हेल्थ: सेहत के लिए महीने के बीच के कुछ दिन आपके लिए अलर्ट रहने के हैं। इस दौरान कोई इंफेक्शन या एलर्जी का आप शिकार हो सकते हैं। शेष समय ठीक रहेगा। 


जून
इस महीने राहु-शुक्र मेष राशि का लग्न में, सूर्य-बुध वृषभ राशि का दूसरे भाव में, चंद्रमा मिथुन राशि का तीसरे भाव में, केतु तुला राशि का सातवें भाव में, शनि कुंभ राशि का 11वें भाव में, गुरु-मंगल मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। इस महीने मेहनत करने के बावजूद क्रेडिट नही मिल पाएगा। धन लाभ अच्छा रहेगा। समस्याओं का निदान होगा। सहयोग सब ओर से मिलेगा। लोग परेशान करेंगे। झगड़ा करने से बचें। मित्रों से सहयोग की अपेक्षा बेकार जाएगी। निवेश से बचें एवं खर्चे पर भी नियंत्रण रखें। ग्रहों का सपोर्ट नहीं मिलने से परिस्थितियां बिगड़ेंगी किंतु स्वयं के प्रभाव से स्वयं को बचाने में सफल होंगे। किसी से अपेक्षा रखनी बेकार होगी। आय बराबर बनी रहेगी। मित्रों से इस महीने किसी प्रकार का सहयोग नहीं मिल पाएगा जो आपको निराश करेगा। 

लव लाइफ: दाम्पत्य के लिए महीना अच्छा रहेगा। आपसी प्रेम और तालमेल बेहतरीन रहेगा। कोई समस्या संतान को लेकर आ सकती है। जो आपको थोड़ा तनाव दे सकती है। 

नौकरी-बिजनेस: जॉब में खूब मेहनत करेंगे लेकिन उसके अनुरूप परिणाम नहीं मिल पाएंगे। आपको हर ओर से सहयोग मिलेगा और आय के साधन भी मिलते रहेंगे। व्यापार में महीने की शुरुआत में तो आपको काफी अच्छे लाभ के अवसर मिलेंगे लेकिन अंतिम दिनों में नुकसान हो सकता है।

हेल्थ:  सेहत के मामले में इस महीने आपको पेट की तकलीफ का सामना करना पड़ सकता है। कोई इंफेक्शन या दर्द आपके लीवर में हो सकता है। खानपान में सावधानी रखें। 


जुलाई
इस महीने राहु-मंगल मेष राशि का लग्न में, शुक्र-बुध वृषभ राशि का दूसरे भाव में, सूर्य मिथुन राशि का तीसरे भाव में, चंद्रमा कर्क राशि का चौथे भाव में, केतु तुला राशि का सातवें भाव में, शनि कुंभ राशि का ग्यारहवें भाव में, गुरु मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने का पहला सप्ताह आपके लिए थोड़ा कलहकारी रहेगा। बच्चों के कारण कोई परेशानी खड़ी हो सकती है। हालांकि सप्ताह के अंत में आप कई परेशानियों से निपट लेंगे। इस समय आपके रूके हुए मामले गति पकड़ेंगे। घरेलू मामलों में भी आप निश्चिंत हो जाएंगे।खर्च अधिक होने से आपका बजट गड़बड़ा सकता है। आप धार्मिक गतिविधियों में कुछ ज्यादा ही व्यस्त हो सकते हैं। इस समय आप कोई नया काम शुरू कर सकते हैं। बदलते मौसम के कार परेशानी का अनुभव करेंगे। हेल्थ से जुड़ी छोटी-मोटी समस्या भी हो सकती है।

लव लाइफ: दाम्पत्य के लिए समय मिलाजुला है। किसी बात को लेकर जीवनसाथी का विरोध सहन करना पड़ सकता है। जीवनसाथी का रवैया थोड़ा परेशान कर सकता है। 

नौकरी- बिजनेस: जॉब में सहकर्मियों और अधिकारियों से वैचारिक मतभेद हो सकता है। कार्य स्थल का माहौल थोड़ा तनाव पूर्ण रह सकता है। व्यापार में समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। बाजार की प्रतिस्पर्धा आपको परेशान कर सकती है। 

हेल्थ:  सेहत के लिए कोई विशेष संकेत नहीं हैं। फिर भी जिनको मुंह या दांत संबंधित कोई परेशानी है, उनकी तकलीफ थोड़ी बढ़ सकती है। सावधानी रखें। 


अगस्त
इस महीने राहु-मंगल मेष राशि का लग्न में, शुक्र मिथुन राशि तीसरे भाव में, सूर्य कर्क राशि का चौथे भाव में, चंद्रमा-बुध सिंह राशि का पांचवें भाव में, केतु तुला राशि का सातवें भाव में, शनि मकर राशि का दसवें भाव में, गुरु मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने के पहले सप्ताह में परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का मौका मिलेगा। इस समय आप भूमि, वाहन आदि खरीद सकते हैं। भविष्य के लिए नए बिजनेस की योजना भी इस समय आप बना सकते हैं। कुछ जिम्मेदारियां निभाने में आप नाकाम रहेंगे, जिसका नुकसान आपको निकट भविष्य में हो सकता है। बेरोजगारों को रोजगार मिल सकता है। कहीं बाहर घूमने की योजना बन सकती है। बिजनेस में थोड़ी-बहुत परेशानी आ सकती है, लेकिन आप उससे निपट लेंगे। शनि का दसवें भाव में होना करियर को लेकर चिंताजनक हो सकता है।

लव लाइफ: जीवनसाथी से उपहार मिल सकता है। कुछ मामलों में हल्की तना-तनी हो सकती है लेकिन कुल मिलाकर समय आपकी गृहस्थी के लिए अनुकूल रहने वाला है। 

नौकरी-बिजनेस: जॉब के लिए समय मिलाजुला रहेगा। काम का दबाव बरकरार रहेगा। विदेश में जॉब करने के इच्छुक लोगों को कागजी कार्यवाही में कुछ समस्या आ सकती है। व्यापार के लिए समय ठीक ही रहेगा। 

हेल्थ:  सेहत के लिए समस्या वाला समय है। आंखों की परेशानियों को गंभीरता से लेना होगा। सिरदर्द आदि को हल्के में ना लें। 


सितंबर
इस महीने राहु मेष राशि का लग्न में, मंगल वृषभ राशि का दूसरे भाव में, सूर्य-शुक्र सिंह राशि का पांचवें भाव में, बुध कन्या राशि का छठे भाव में, केतु-चंद्रमा तुला राशि का सातवें भाव में, शनि मकर राशि का दसवें भाव में, गुरु मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने के पहले सप्ताह में अतिरिक्त आय होने के योग बन रहे हैं। मानसिक रूप से आप बहुत रिलेक्स रहेंगे। आपके जरूरी काम बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से निपट जाएंगे। आपके मान-सम्मान में वृद्धि होगी। विरोधी कोशिश करने के बाद भी आपका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। परिवार में भी आप खास भूमिका निभाएंगे। विद्यार्थियों के लिए भी ये समय बहुत उत्साह बढ़ाने वाला रहेगा। आपकी लालची प्रवृत्ति के कारण कुछ कामों में निराशा हो सकती है। हालांकि लोग फिर आपसे ईर्ष्या करेंगे।  

लव लाइफ: दाम्पत्य जीवन में समस्याओं का समाधान होगा और पुराने विवादों का अंत हो सकता है। प्रेम संबंधों में सफलता मिल सकती है।

नौकरी-बिजनेस:  जॉब के लिए समय मिलाजुला है। शुरुआती दिनों में तरक्की रहेगी लेकिन माह के मध्य में थोड़ा संघर्ष भी रहेगा। आय मध्यम रहेगी। व्यापार में लाभ के मौके मिलेंगे। समय अनुकूल है। कोई बड़ी डील होने से आपको काफी उत्साह और आनंद मिलेगा।

हेल्थ: इस महीने खानपान को लेकर विशेष सावधानी रखनी होगी। पेट की गड़बड़ी या उल्टी-दस्त की शिकायत हो सकती है। महीने के अंत में जोड़ों का दर्द भी परेशान कर सकता है। 


अक्टूबर
इस महीने राहु मेष राशि का लग्न में, मंगल वृषभ राशि का दूसरे भाव में, बुध-सूर्य-शुक्र कन्या राशि का छठे भाव में, केतु तुला राशि का सातवें भाव में, चंद्रमा वृश्चिक राशि का आठवें भाव में, शनि मकर राशि का दसवें भाव में, गुरु मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। अटके हुए कामों में गति आ सकती है। संतान पक्ष से भी खुशियों के समाचार सुनने को मिलेंगे। गुप्त साधनों से आय की प्राप्ति हो सकती है। भावनात्मक संबंध पहले से मजबूत होंगे। किसी दूसरे के विवाद में आपका नाम आ सकता है, इस वजह से आपको अपमान का सामना करना पड़ेगा। आपके शत्रु इसका फायदा उठाएंगे। आप ईमानदारी से अपना काम करेंगे। संपत्ति को लेकर भाइयों के बीच तनाव बढ़ सकता है। किसी खास व्यक्ति से मिलकर आपका मन हल्का हो जाएगा। वैवाहिक कार्यक्रमों में जाने का अवसर मिलेगा। 

लव लाइफ: वैवाहिक जीवन के लिए समय मिलाजुला रहेगा। विवाद भी रहेगा और आपसी प्रेम भी। प्रेमियों के लिए समय ठीक नहीं रहेगा। वादे टूट सकते हैं और साथी से धोखा मिल सकता है। 

नौकरी-बिजनेस:  जॉब के लिए समय अनुकूल रहेगा। काम की अधिकता रहेगी। दबाव के कारण काम की गति धीमी रहेगी। व्यापार के लिए महत्वपूर्ण सौदों को थोड़ा टालने का समय है। काम की अधिकता के कारण अतिरिक्त समय देना पड़ सकता है। 

हेल्थ: घुटनों का दर्द बढ़ेगा और तबीयत थोड़ी नासाज रह सकती है। आपको अपनी सेहत का विशेष ध्यान इस महीने रखना पड़ सकता है। 


नवंबर
इस महीने राहु मेष राशि का लग्न में, मंगल मिथुन राशि का तीसरे भाव में, शुक्र-सूर्य-केतु-बुध तुला राशि का सातवें भाव में, चंद्रमा-शनि मकर राशि का दसवें भाव में, गुरु मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने के आरंभ के दिनों में देवगुरु बृहस्पति आप पर मेहरबान रहेंगे, जिससे आपके परिवार में मांगलिक कार्यक्रम हो सकते हैं। रूके हुए सरकारी काम एक बार फिर गति पकड़ेंगे। सन्मुख चंद्रमा आपके फायदा पहुंचाएगा। इस समय आपको धन लाभ हो सकता है। घर में भी वातावरण अनुकूल रहेगा। ससुराल पक्ष से कोई अच्छी खबर भी आपको मिल सकती है। महीने के तीसरे सप्ताह में आप काम में थोड़ी राहत महसूस करेंगे। प्रभावशाली लोगों से आपके संपर्क बनेंगे, जिनका फायदा आगे जाकर आपको मिलेगा। मनोरंजन के लिए भी समय निकाल पाने में सफल रहेंगे। 

लव लाइफ: जीवनसाथी का व्यवहार संयमित रह सकता है। आपको साथी से सहयोग मिलेगा। प्रेमियों के लिए समय ठीक नहीं कहा जा सकता है। धोखा हो सकता है। प्रेम प्रस्ताव नकारे जा सकते हैं। 

नौकरी-बिजनेस: जॉब में परिस्थितियां थोड़ी विपरीत रह सकती हैं। काम का दबाव सहन करने की स्थिति में नहीं रहेंगे। कोई गुप्त योजना या काम सबको पता चल सकता है। व्यापार में प्रतिस्पर्धियों को आपकी पूरी रणनीति समझ आएगी या पता चल सकती है। 

हेल्थ: सेहत के लिए समय ठीक रहेगा। आपको पुरानी बीमारियों से थोड़ी परेशानियां रह सकती हैं। खानपान में विशेष सावधानी रखें। 


दिसंबर
इस महीने राहु मेष राशि का लग्न में, मंगल वृषभ राशि का दूसरे भाव में, केतु तुला राशि का सातवें भाव में, बुध-सूर्य-शुक्र वृश्चिक राशि का आठवें भाव में, शनि मकर राशि का दसवें भाव में, चंद्रमा कुंभ राशि का ग्यारहवें भाव में और गुरु मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। इस महीने में आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत होगी। सामाजिक जीवन में लोगों का साथ मिलेगा और धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। कोर्ट-कचहरी के मामलों में समझौता करने में ही भलाई रहेगी, इसलिए ठंडे दिमाग का उपयोग करें। कोई अच्छी खबर आपको मिल सकती है। आप दोगुने जोश से अपने काम को अंजाम देंगे। विद्यार्थियों के लिए ये समय परेशानी वाला रहेगा। इस समय आपको चोट लगने के योग भी बन रहे हैं, इसलिए वाहन सावधानी से चलाएं। नई योजना अमल में लाने की कोशिश करेंगे। 

लव लाइफ: जीवनसाथी आपके अनुकूल रहेगा। किसी तरह के विवाद की कोई संभावना नहीं है। प्रेमियों के लिए समय थोड़ा चिंता बढ़ाने वाला हो सकता है। आंशिक वियोग भी हो सकता है। 

नौकरी-बिजनेस:  नौकरी में काम बहुत रहेगा लेकिन समय के साथ पूरा भी होता जाएगा। मंगल और चंद्र का सहयोग मिलेगा। व्यापार में कोई नया समझौता होने के योग हैं। आपको किसी काम में पार्टनरशिप के ऑफर भी मिल सकते हैं। 

हेल्थ: सेहत के लिहाज से समय अच्छा है लेकिन आपको बाएं पैर में चोट लगने या दर्द रहने की संभावना है। ज्यादा दौड़धूप से बचें। 

Share this story